कैथल , दिसंबर 15 -- हरियाणा में कैथल जिला पुलिस ने ऑस्ट्रेलिया भेजने का झांसा देकर युवाओं से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एक युवक को ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर लाखों की ठगी के मामले की जांच करते हुए आरोपी मनीष सिंह निवासी नायगांव जिला पालघर महाराष्ट्र को आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) के प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश के नेतृत्व में नायगांव मुंबई से गिरफ्तार किया गया।
प्रवक्ता ने बताया कि गांव खेड़ी गुलाम अली निवासी महेंद्र पाल की शिकायत के अनुसार वह अपने बेटे नवीन को विदेश भेजना चाहता था। इसके लिए उसने गांव बकाला पंजाब निवासी रंजीत कौर से बात की, जिसने पटियाला में रंजीत इमिग्रेशन के नाम से ऑफिस बना रखा है।
रंजीत कौर ने कहा कि वह नवीन को ऑस्ट्रेलिया भेज देगी और इस काम के लिए उसने 25 लाख रुपये मांगे और इसमें से 10 लाख रुपये अग्रिम मांगे और बाकी रकम नवीन के ऑस्ट्रेलिया पहुंचने पर देने को कहा। उसने नवंबर 2023 से जनवरी 2024 तक आरोपी को 10 लाख रुपये दे दिए।
उन्होंने बताया "आरोपी रंजीत काैर ने कहा कि पहले वह नवीन को बैंकॉक भेजेगी और वहां से ऑस्ट्रेलिया भेजा जायेगा। 26 जनवरी को आरोपी रंजीत कौर ने नवीन को बैंकॉक भेज दिया, लेकिन चार दिन बाद भी उसने उसे आगे ऑस्ट्रेलिया नहीं भेजा और मुंबई वापस आने को कहा। मेरा बेटा करीब दो महीने मुंबई में रहा और आरोपी के कहने पर नवीन ने अपने खाते से उसकी पार्टनर हरजीत कौर के खाते में 4,76,000 रुपये जमा कर दिए। नवीन अप्रैल 2024 में मुंबई से घर लौट आया।
उन्होंने बताया कि जब आरोपी से दोबारा बात की तो उसने उन्हें नकली वीजा दिया है। जब उसने वीजा नकली होने के कारण अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने उसे एक चेक दिया जो बाउंस हो गया। बार-बार पैसे मांगने पर आरोपी रंजीत कौर गुस्सा हो गई और उसने और उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। जिसके बारे में चीका थाने में मामला दर्ज किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित