किंग्सटाउन , मार्च 20 -- बेथ मूनी (79) और अलाना किंग (तीन विकेट) के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम ने पहले टी-20 मुकाबले में वेस्टइंडीज को 43 रनों से हराया। इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है। बेथ मूनी को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' के पुरस्कार से नवाजा गया।
165 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की महिला टीम ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी आक्रमण के आगे निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 121 रन ही बना सकी और मुकाबला 43 रनों से हार गई। कियाना जोसेफ और हेली मैथ्यूज की सलामी जोड़ी ने सधी हुई शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 33 रन जोड़े। सातवें ओवर में अलाना किंग ने हेली मैथ्यूज (11) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद बल्लेबाजी करने आयी शेमेन कैंपबेल ने कियाना जोसेफ के साथ पारी को संभाला और स्कोर को 76 के स्कोर तक ले गई। 12वें ओवर में किम ग्राथ ने कियाना जोसेफ को आउट कर वेस्टइंडीज को बड़ा झटका दिया। कियाना जोसेफ ने 39 गेंदों में सात चौके और एक छक्का लगाते हुए 45 रन बनाये। अगले ही ओवर अलाना किंग ने शेमेन कैंपबेल (15) और डिआंड्रा डॉटिन (शून्य) को आउटकर मैच पर ऑस्ट्रेलिया की पकड़ मजबूत कर ली। इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का कोई मौका नहीं दिया। 20वें ओवर में स्टेफनी टेलर (28) और जाहजारा क्लैक्सटन (शून्य) को वेयरहम ने आउट किया। चिनेल हेनरी 12 रन बनाकर नाबाद रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित