सिडनी , दिसंबर 29 -- मुख्य कोच एंड्रयू मैकडॉनल्ड ने पुष्टि की है कि ऑस्ट्रेलिया ने चोट की चिंताओं के बावजूद आगामी आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप के लिए अपनी प्रोविजनल टीम में अनुभवी तेज गेंदबाज पैट कमिंस और जॉश हेजलवुड को शामिल करने जा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की वेबसाइट के अनुसार, कमिंस, जो एशेज के तीसरे टेस्ट के लिए एडिलेड में लौटे थे, लेकिन सावधानी के तौर पर बाकी सीरीज से बाहर हो गए थे, लगभग चार हफ़्ते में अपनी पीठ का एक और स्कैन करवाएंगे। सात फरवरी से शुरू होने वाले टूर्नामेंट के लिए उनकी उपलब्धता पर अंतिम फैसला उस असेसमेंट के नतीजों के बाद लिया जाएगा।
मैकडॉनल्ड ने कहा, " मुझे लगता है पैट का चार हफ्ते में एक स्कैन होगा, तो उससे हमें जानकारी मिल जाएगी कि वह टी-20 विश्व कप के लिए किस स्थिति में हैं। उन्हें 15 खिलाड़ियों की टीम में शामिल किया जाएगा।"इस बीच, हेजलवुड हैमस्ट्रिंग और अकिलीज की समस्याओं के कारण पूरी एशेज सीरीज से बाहर रहे। 34 साल के तेज गेंदबाज को चोटों ने परेशान किया है। हालांकि वह धीरे-धीरे ठीक हो रहा है और उम्मीद है कि वह जल्द ही गेंदबाजी करना शुरू कर देगा, जिससे वैश्विक टूर्नामेंट के लिए उसकी उपलब्धता की उम्मीदें बढ़ेगी।
मैकडॉनल्ड ने कहा, "जॉश गेंदबाजी करने के लिए वापस आ रहा है। ऐसा लगता है कि वह संभावित समय के हिसाब से ठीक हो जाएगा।"ऑस्ट्रेलिया बिग बैश लीग में होबार्ट हरिकेंस के लिए खेलते समय दाहिनी हैमस्ट्रिंग की चोट से प्रभावित मध्यमक्रम के आक्रामक बल्लेबाज टिम डेविड की फिटनेस पर भी नजर रख हुए है। 29 साल के इस खिलाड़ी को इस साल पहले भी इसी तरह की समस्या के कारण दो महीने के लिए बाहर रहना पड़ा था और स्कैन से ग्रेड-टू स्ट्रेन की पुष्टि हुई है, जिसके कारण वह बीबीएल के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं।
मैकडॉनल्ड ने कहा, "पक्का नहीं पता कि यह सिर्फ मांसपेशियों की समस्या है या टेंडन (नसों) की। मुझे लगता है कि निश्चित समय में टिम डेविड अच्छा हो जायेगा। इसलिए चोट चाहे जो भी हो, वह उपलब्ध होना चाहिए। हालांकि स्कैन से ग्रेड-टू दाहिनी हैमस्ट्रिंग स्ट्रेन का पता चला, जिसके कारण डेविड बीबीएल के बाकी मैचों से बाहर हो गए, लेकिन वह टी-20 विश्व कप के लिए समय पर फिट होने के लिए अपने रिहैबिलिटेशन के साथ सही रास्ते पर हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित