लॉस एंजेल्स , मार्च 14 -- हॉलीवुड के सबसे प्रतिष्ठित 98वें ऑस्कर समारोह से ठीक पहले बड़ा विवाद खड़ा हो गया है।
'सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म' श्रेणी में नामांकित फिल्म 'द वॉयस ऑफ हिंद रजब' के मुख्य कलाकार फिलीस्तीनी मोताज मल्हीस को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लगाये 'यात्रा प्रतिबंध' के कारण अमेरिका में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गयी है।
98वें ऑस्कर समारोह का मुख्य आयोजन रविवार 15 मार्च को लॉस एंजेल्स के डॉल्बी थियेटर में होने जा रहा है।
वेरायटी की रिपोर्ट के अनुसार, मल्हीस ने इंस्टाग्राम पर अपनी पीड़ा साझा करते हुए लिखा, "आप पासपोर्ट को रोक सकते हैं, लेकिन आवाज नहीं। मैं फिलीस्तीनी नागरिक हूं और मुझे इस पर गर्व है।"गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने दिसंबर में आदेश जारी कर 'फ़िलिस्तीनी अथॉरिटी' के पासपोर्ट धारकों के अमेरिका प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया था। मल्हीस के अलावा, फिल्म की प्रेरणा और मुख्य पात्र हिंद रजब की मां विसाम हमदा को भी अमेरिका का वीजा नहीं मिल सका है।
इस घटना ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मानवाधिकार कार्यकर्ताओं और सिनेमा जगत के बीच भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। फिल्म बिरादरी और कई मानवाधिकार संगठनों ने इसे 'कलात्मक अभिव्यक्ति का दमन' और 'पक्षपातपूर्ण राजनीति' करार दिया है। सोशल मीडिया पर वॉयस ऑफ हिंद रजब हैशटैग के साथ वैश्विक स्तर पर विरोध जताया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित