हल्द्वानी,24मार्च(वार्ता) उत्तराखंड में जनपद नैनीताल पुलिस को ऑपरेशन स्माइल के तहत बड़ी सफलता मिली है, घर से लापता हुआ 21 वर्षीय युवक उत्तर प्रदेश के रामपुर से सकुशल बरामद कर लिया गया,जिससे परिजनों के चेहरे पर फिर से मुस्कान लौट आई।

आपको बता दें कि नैनीताल पुलिस ऑपरेशन स्माइल अभियान चला रही है जिसके तहत पुलिस लगातार गुमशुदा लोगों की तलाश में जुटी हुई है और इसी क्रम में एक लापता युवक को सकुशल बरामद किया गया है,यह मामला 20 मार्च 2026 का है, जब थाना मुखानी क्षेत्र के हिम्मतपुर (भगत कॉलोनी, गैस गोदाम रोड) निवासी 21 वर्षीय पंकज पंत बिना बताए घर से कहीं चला गया था,परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन जब युवक का कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने पुलिस को सूचना दीमामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी।नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन और अमित कुमार पुलिस उपाधीक्षक/नोडल अधिकारी, ऑपरेशन स्माइल के पर्यवेक्षण में ऑपरेशन स्माइल टीम द्वितीय का गठन किया गया।

टीम ने कई उपकरणों जिसमे आधुनिक सर्विलांस, मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग और मुखबिर तंत्र की मदद से युवक की तलाश शुरू की, लगातार प्रयास और संभावित ठिकानों पर सघन जांच के बाद पुलिस को अहम सुराग मिला, जिसके आधार पर टीम ने रामपुर में दबिश दी।

पुलिस की मुस्तैदी रंग लाई और युवक को वहां से सकुशल बरामद कर लिया गया,इसके बाद पंकज पंत को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बेटे के वापस लौटने से परिवार में आज खुशी की लहर दौड़ गई और परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े।

पुलिस के अनुसार ऑपरेशन स्माइल अभियान के तहत अब तक कुल 32 गुमशुदाओं को बरामद किया जा चुका है, जिनमें 1 बालक, 4 बालिकाएं, 9 पुरुष और 18 महिलाएं शामिल हैं।

इस पूरी कार्रवाई में टीम प्रभारी उप निरीक्षक आनंद बल्लभ जोशी, महिला कांस्टेबल लक्ष्मी वर्मा, दीपा सामंत, कांस्टेबल अतीक अहमद और दिगंबर सिंह की अहम भूमिका रही।

नैनीताल पुलिस की यह सफलता न केवल एक परिवार को उनकी खुशियां लौटाने वाली साबित हुई, बल्कि यह भी दर्शाती है कि पुलिस अपने कर्तव्यों के प्रति पूरी तरह सजग और संवेदनशील है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित