जशपुर , दिसंबर 18 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग पिकअप वाहनों से कुल 26 गौवंशों को मुक्त कराया है, लेकिन गौ तस्कर मौके से फरार हो गये।

यह कार्रवाई बुधवार देर रात थाना सिटी कोतवाली जशपुर और कुनकुरी क्षेत्र में की गई, जहां तस्कर गौवंशों को पिकअप में भरकर झारखंड की ओर ले जा रहे थे। पुलिस की नाकाबंदी और पीछा करने की कार्रवाई के दौरान दोनों पिकअप वाहन जब्त किए गए, हालांकि आरोपी चालक मौके से फरार हो गए। बरामद गौवंशों में कुछ की मृत्यु हो गयी थी, जबकि शेष का उपचार कराया गया है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई ऑपरेशन शंखनाद के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई। कल देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि गौवंशों की अवैध तस्करी जशपुर मार्ग से की जा रही है। इसके बाद लोरो घाट में थाना लोदाम, सिटी कोतवाली जशपुर, रक्षित केंद्र जशपुर और थाना कुनकुरी की संयुक्त टीम द्वारा नाकाबंदी की गई। रात करीब तीन से चार बजे के बीच दो संदिग्ध पिकअप वाहन दिखाई दिए, जिन्हें रोकने का प्रयास किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित