जशपुर , दिसंबर 16 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर में गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत पुलिस ने एक पिकअप वाहन में ले जाये जा रहे 10 गौवंशों को मुक्त कराया और एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
थाना आस्ता क्षेत्र में पुलिस ने गौवंशों की तस्करी की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया, जबकि इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय से मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब पांच बजे थाना आस्ता पुलिस को ग्रामीणों से पुख्ता सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की पिकअप में गौवंशों को भरकर ग्राम हर्राडीपा होते हुए झारखंड के लोहरदगा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस ने हर्राडीपा के पास नाकाबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप पुलिस को देखकर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई। वाहन में सवार एक आरोपी जंगल की ओर फरार हो गया, जबकि अन्य एक को मौके पर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम सलमान खान (उम्र 26 वर्ष), निवासी ग्राम साईं टांगर टोली, थाना लोदाम, जिला जशपुर बताया। वाहन की तलाशी लेने पर त्रिपाल से ढंके हुए 10 गौवंश पाए गए। आरोपी गौवंशों से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने सभी गौवंशों को सुरक्षित बरामद कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
इस मामले में थाना आस्ता में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 व 10 के तहत अपराध का मामला दर्ज कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित