जशपुर , दिसंबर 30 -- छत्तीसगढ के जशपुर में गौ तस्करी के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। चौकी सोन क्यारी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जंगल के रास्ते पैदल गौ वंशों को तस्करी के लिए ले जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से पांच गौ वंशों को सुरक्षित मुक्त कराया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मको ग्राम कोयली बथान निवासी जगदेव राम ने चौकी सोन क्यारी पुलिस को सूचना दी कि दो व्यक्ति कुछ गौ वंशों को संदेहास्पद स्थिति में हांकते हुए जंगल मार्ग से ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए तत्काल मौके पर दबिश दी। ग्राम कोयली बथान के पास पुलिस ने दो संदिग्धों को पांच गौ वंशों के साथ पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम किशोर मिंज (43) और बुलकन तिर्की (40) बताया। दोनों जशपुर के सरईटोली निवासी हैं। आरोपियों ने स्वीकार किया कि गौ वंशों को झारखंड के ग्राम गोविंदपुर ले जाया जा रहा था। पुलिस द्वारा गौ वंशों से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित