जशपुर , जनवरी 11 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस ने एक बार फिर गौ तस्करी करने के प्रयास को विफल करते हुए छह गौवंशों को आरोपियों के चंगुल से मुक्त कराया है।

मुखबिर की सूचना पर की गई त्वरित कार्रवाई में पुलिस ने तस्करों को पकड़ने का प्रयास किया, किंतु वे जंगल का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे हैं।

यह घटना शनिवार की सुबह चौकी मनोरा अंतर्गत हाथीगाढ़ा नाला क्षेत्र की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति चढ़िया पहाड़ी जंगल के रास्ते से गौवंशों को पैदल हांकते हुए झारखंड की ओर ले जा रहे हैं। इस पर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक दिनेश कुमार पुरैना के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा घेराबंदी करने के प्रयास के दौरान आरोपियों ने पशुओं को छोड़कर भागने में सफलता पाई।

मौके से सभी छह गौवंशों को सुरक्षित बरामद किया गया है और उनका पशु चिकित्सक द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है। पुलिस ने फरार आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 के तहत मामला दर्ज कर तलाशी अभियान चलाया है। गत सप्ताह भी जशपुर पुलिस ने विभिन्न ऑपरेशनों में 20 गौवंशों को तस्करों से मुक्त कराया था।

जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया, "गौ तस्करों के विरुद्ध 'ऑपरेशन शंखनाद' जारी है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और उन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।" उन्होंने बताया कि इस कार्यवाही में चौकी मनोरा की पुलिस टीम की भूमिका महत्वपूर्ण रही। पुलिस का कहना है कि गौ संरक्षण और तस्करी रोकथाम के प्रति जन सहयोग भी इन कार्यवाहियों में सहायक सिद्ध हो रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित