हरिद्वार, अप्रैल 12 -- उत्तराखंड में आस्था की आड़ में लोगों को ठगने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत रविवार को कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 12 संदिग्ध भेषधारी बाबाओं को हिरासत में लिया है। वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

रविवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी रुड़की के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भण्डारी के नेतृत्व में दरगाह शरीफ क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान दरगाह परिसर के आसपास स्थित सराय, रैन बसेरा और टीन शेड आदि स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

पुलिस जांच में ऐसे 12 व्यक्तियों को चिन्हित किया गया, जो साधु-संतों का भेष धारण कर आम लोगों, विशेषकर महिलाओं और युवाओं को घरेलू व व्यक्तिगत समस्याओं के समाधान का झांसा देकर भ्रमित कर रहे थे। आरोप है कि ये लोग आस्था का दुरुपयोग कर अनुचित लाभ अर्जित करने की कोशिश कर रहे थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित