खरगोन , अप्रैल 04 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में सिजेरियन ऑपरेशन के दौरान महिला के पेट में सर्जिकल नैपकिन छूटने के मामले में जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं।

कलेक्टर भव्या मित्तल ने बताया कि संबंधित प्रकरण में इंदौर के निजी अस्पताल से दस्तावेज मांगे गए हैं। मामले की जांच के लिए एक टीम गठित कर तीन दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला अस्पताल की सिविल सर्जन डॉ. राजकुमारी देवड़ा ने बताया कि भीकनगांव क्षेत्र के सेल्दा निवासी 30 वर्षीय महिला को 16 मार्च को प्रसव पीड़ा के चलते भर्ती कराया गया था। 17 मार्च को सिजेरियन ऑपरेशन के माध्यम से प्रसव कराया गया और 21 मार्च को जच्चा-बच्चा को स्वस्थ अवस्था में छुट्टी दे दी गई।

उन्होंने कहा कि ऑपरेशन के दौरान उपयोग में आने वाली सामग्री की गिनती निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत की जाती है। इंदौर के अस्पताल में महिला के पेट में नैपकिन मिलने के मामले की तीन सदस्यीय टीम से जांच कराई जा रही है।

महिला के परिजन के अनुसार डिस्चार्ज के बाद उसे पेट दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद विभिन्न अस्पतालों में उपचार के दौरान 31 मार्च को ऑपरेशन कर पेट से सर्जिकल नैपकिन निकाली गई। इसी बीच कलेक्टर भव्या मित्तल ने जिला अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित