जशपुर, फरवरी 17 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले की पुलिस ने ऑपरेशन अंकुश के तहत कार्रवाई करते हुए गौ तस्करी के एक फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान जागेश्वर लकड़ा (58) निवासी ग्राम गोविंदपुर, थाना जारी, जिला गुमला (झारखंड) के रूप में हुई है। उसे मनोरा क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस से आज (मंगलवार) मिली जानकारी के अनुसार,यह मामला थाना आस्ता क्षेत्र से जुड़ा है। पिछले माह 18 जनवरी की रात करीब आठ बजे थाना आस्ता पुलिस को ग्राम खोंगा के ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध व्यक्ति कुछ गौवंशों को बेरहमी से मारते-पीटते हुए पैदल झारखंड की ओर ले जा रहे हैं। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचकर पुलिस ने देखा कि ग्रामीणों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को चार गौवंशों सहित पकड़ लिया है। हिरासत में लिए गए आरोपी ने अपना नाम बनर्जी भगत (55) निवासी ग्राम डड़गांव, चौकी मनोरा, जिला जशपुर बताया। उसने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह अपने साथी के साथ गौवंशों को झारखंड ले जा रहा था। पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर उसके फरार साथी जागेश्वर लकड़ा को चिन्हित कर लिया गया था। पुलिस ने मौके से चारों गौवंशों को सकुशल बरामद कर लिया और पशु चिकित्सक से उनका स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया।
घटना के बाद से फरार चल रहे जागेश्वर लकड़ा की लगातार तलाश की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वह मनोरा क्षेत्र में देखा गया है। सूचना पर थाना आस्ता पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मनोरा में घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित