भरतपुर , जनवरी 22 -- राजस्थान में करौली में ऑनलाइन गेमिंग सट्टा और नवसंवत्सर दंगा मामले से जुड़े आरोपी पूर्व सभापति रशीदा खातून के पुत्र अमीनुद्दीन खान के अवैध व्यावसायिक परिसर पर गुरुवार को लगातार तीसरे दिन भी बुलडोजर कार्रवाई करते हुए ध्वस्त किया गया।

नगर परिषद एवं जिला प्रशासन की देखरेख में भारी पुलिस सुरक्षा के बीच नियम विरुद्ध बने निर्माण के अवैध हिस्सों को ध्वस्त करने के लिए कई उपकरणों, जेसीबी और हैमर का उपयोग किया जा रहा है। भवन की अधिक ऊंचाई के कारण, मशीनों को ऊपरी हिस्सों तक पहुंचाने और सुरक्षित तोड़फोड़ के लिए करीब 100 ट्राली मिट्टी डलवाकर एक रैंप तैयार किया गया है।

गौरतलब है कि विवादित व्यवसायिक भवन के निर्माण के लिए फर्जी पट्टे जारी करके नियमों का उल्लंघन किये जाने के कारण आरोपी की मां और करौली की पूर्व नगर परिषद सभापति रशीदा खातून को उनके पद से निलंबित किया गया था।

कार्रवाई के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए करीब 500 पुलिस जवान तैनात किये गये हैं। मौके पर एडीएम हेमराज परिड़वाल, पुलिस उपअधीक्षक अनुज शुभम, उपखंड अधिकारी एवं कार्यवाहक नगर परिषद आयुक्त प्रेमराज मीणा सहित कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी रख यातायात को आवश्यकतानुसार नियंत्रित किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित