भरतपुर , दिसम्बर 30 -- ऑनलाइन गेमिंग सट्टा मामले में राजस्थान में हिंडौन में चार लोगों की गिरफ्तारी के बाद मंगलवार को पुलिस ने करौली नगर परिषद की पूर्व सभापति के पुत्र मुख्य आरोपी अमीनुद्दीन खान के नदी दरवाजा और ढोली खार क्षेत्र स्थित दो आवासों पर दबिश दी है।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि करौली और हिंडौन क्षेत्र के करीब सात-आठ थानों की हथियारबंद पुलिस दलों के साथ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में करीब दो घण्टे तक चली इस कार्रवाई के दौरान अमीनुद्दीन खान के कई सहयोगियों के ठिकानों पर भी तलाशी ली गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि अमीनुद्दीन खान के दो आवासों से महत्वपूर्ण कागजात, सीसीटीवी की डीवीआर सहित अन्य सामग्री जब्त की गई है। सूत्रों ने बताया कि ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े इस नेटवर्क का खुलासा करते हुए क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी करने के आरोप में राजेश शर्मा, प्रशांत शर्मा और शोएब को खेड़लियान का पुरा से गिरफ्तार किया था। इन तीनों आरोपियों से पूछताछ के बाद करौली से ऑनलाइन सट्टा किंग अमीनुद्दीन को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से छह मोबाइल, 18 लाख रुपए के सट्टे का हिसाब और अन्य उपकरण जब्त किये गये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित