कौशांबी , अप्रैल 15 -- उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के पिपरी थानाक्षेत्र में बुधवार को ऑटोरिक्शा की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गयी जबकि अन्य एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम अहमदपुर पावन थाना पूरा मुफ्ती प्रयागराज निवासिनी कमला देवी (45) आज विपिन (19) के साथ बाइक पर तिल्हापुर बाजार स्थित एक अस्पताल से इलाज करा कर घर लौट रही थी। इसी दौरान मनौरी प्रयागराज मार्ग में गुंगवा की बाग के पास तेज रफ्तार ऑटोरिक्शा ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
इस हादसे में कमला देवी की मौके पर ही मृत्यु हो गई जबकि विपिन गंभीर रूप घायल हो गया।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित