हरारे , फरवरी 04 -- सलामी बल्लेबाज ऐरन जॉर्ज (115) की शतकीय, वैभव सूर्यवंशी (68) और कप्तान आयुष म्हात्रे (62) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत भारत ने बुधवार को अंडर-19 विश्वकप के दूसरे सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को 53 गेंदें शेष रहते सात विकेट से हराकर टूर्नामेंट के फाइनल मे प्रवेश किया।

311 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के लिए वैभव सूर्यवंशी और ऐरन जॉर्ज की सलामी जोड़ी ने विस्फोटक शुरुआत करते हुए पहले विकेट लिए 92 रन जोड़े। 10वें ओवर में नूरीसतानी ओमरजई ने वैभव सूर्यवंशी को आउटकर अफगानिस्तान को पहली सफलता दिलाई। वैभव सूर्यवंशी ने 33 गेंदों में नौ चौके और चार छक्के उड़ाते हुए 68 रनों की पारी खेली। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये कप्तान आयुष म्हात्रे ने ऐरन जॉर्ज के साथ दूसरे विकेट के लिए 114 रनों की साझेदारी की। 27वें ओवर में नूरीसतानी ओमरजई ने आयुष म्हात्रे को आउट किया। आयुष म्हात्रे ने 59 गेंदों में पांच चौके और चार छक्के लगाते हुए 62 रन बनाये। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये विहान मल्होत्रा ने जॉर्ज के साथ 96 रन जोड़कर भारत की जीत पक्की कर दी। इसी दौरान जॉर्ज ने अपना शतक पूरा किया। 40वें ओवर में वाहिदउल्लाह जदरान ने जॉर्ज को आउटकर दिया। जॉर्ज ने 104 गेंदों में 15 चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 115 रनों की शानदार पारी खेली। भारत ने 41.1 ओवर में तीन विकेट पर 311 रन बनाकर मुकाबला सात विकेट से अपने नाम किया। विहान मल्होत्रा 38 रन बनाकर नाबाद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित