नयी दिल्ली , अप्रैल 15 -- संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण तथा संसदीय सीटों के विस्तार के लिए संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा के लिए संसद की गुरुवार से शुरू हो रही तीन दिवसीय बैठक से पहले बुधवार को दिल्ली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से चांदनी चौक लोकसभाक्षेत्र में "नारी शक्ति वंदन यात्रा" निकाली गयी, जिसमें काफी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया।

इस यात्रा का नेतृत्व चांदनी चौक सीट के सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने किया। उनके साथ भाजपा के चांदनीचौक जिला के अध्यक्ष अरविंद गर्ग और केशवपुरम जिला अध्यक्ष अजय खटाना सहित हजारों की संख्या में सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक संगठनों की महिलाओं ने भाग लिया।

यह यात्रा टाउनहाल घंटाघर से शुरू होकर चांदनी चौक के मुख्य बाज़ार से गुजरती हुई ऐतिहासिक लालकिले पर पहुंची, जहां ऐतिहासिक लालकिले की प्राचीर के नीचे महिलाओं ने मानव श्रृंखला बनाकर इस अधिनियमका समर्थन किया।

यात्रा में शामिल महिलायें अपने हाथों में प्लेकार्ड लेकर महिलाओं के समर्थन के नारे लगा रही थीं। यात्रा में शामिल महिलाओं का व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों द्वारा जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।

इस अवसर पर श्री खंडेलवाल ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिला सशक्तिकरण को अभूतपूर्व प्राथमिकता मिली है। महिला आरक्षण विधेयक केवल एक राजनीतिक निर्णय नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की दिशा में ऐतिहासिक है।"उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक 'नये भारत' की उस सोच का प्रतीक है, जहां नारी केवल सहभागी नहीं, बल्कि नेतृत्वकर्ता बनेगी। नारी शक्ति वंदन यात्रा ने यह स्पष्ट परिलक्षित किया कि देश की महिलाएं अब परिवर्तन की प्रतीक्षा नहीं करेंगी, बल्कि स्वयं परिवर्तन का नेतृत्व करेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित