मुंबई , अप्रैल 18 -- एसुस इंडिया ने उसकी ड्रॉप जोन पहल को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया के मद्देनजर इस कार्यक्रम का विस्तार 22 अतिरिक्त स्टोर्स तक कर दिया है।
ग्राहकों को बिक्री बाद सेवाओं में बेहतर अनुभव देने के लिए शुरू की गयी ड्रॉप जोन पहल के तहत ग्राहक अब सर्विस के लिए अपने लैपटॉप सीधे एसुस एक्सक्लूसिव स्टोर्स पर जमा कर सकते हैं, जिससे उन्हें अलग से सर्विस सेंटर जाने की जरूरत नहीं पड़ती है।
ताइवानी कंपनी असुस की भारतीय इकाई की शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि यह विस्तार खास तौर पर ग्राहकों की पहुंच, सर्विसिंग में लगने वाले समय और ट्रैकिंग से जुड़ी परेशानियों को कम करने के लिए किया गया है, विशेष रूप से उभरते शहरों में।
दूसरे चरण के तहत ड्रॉप जोन नेटवर्क का विस्तार दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में किया गया है। इन राज्यों में मेट्रो शहरों के साथ-साथ टियर-2 और टियर-3 शहरों में भी एसुस की सेवा संबंधी पहुंच पहले के मुकाबले और भी मजबूत हुई है।
एसुस इंडिया में उपाध्यक्ष अर्नोल्ड सू ने कहा कि कंपनी का फोकस हमेशा ऐसा भरोसेमंद और एक जैसा अनुभव देने पर रहा है, जो सिर्फ उत्पाद तक सीमित न रहे। ड्रॉप जोन पहल का 22 और स्टोर तक विस्तार करना एक बड़ा कदम है, जिससे बिक्री बाद सेवा ग्राहकों के लिए और आसान तथा पारदर्शी बनेगा।
कंपनी ने कहा है कि वह अपने ड्रॉप जोन नेटवर्क विस्तार आगे भी जारी रखेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित