चंडीगढ़ , मार्च 19 -- हरियाणा सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) गुरुग्राम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुरुवार को की गयी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरुण कुमार (संचालक, कॉमन सर्विस सेंटर, जिला नूंह) और गिराज (निवासी वार्ड नंबर 4, पुन्हाना) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एसीबी थाना गुरुग्राम में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7, 7ए तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

शिकायतकर्ता ने एसीबी को दी शिकायत में बताया कि उसके पति की मृत्यु के बाद उसने दीन दयाल परिवार सुरक्षा योजना के तहत पांच लाख रुपये की सहायता राशि के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि आरोपियों ने राशि जारी करवाने के बदले पहले एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी, जिसे बाद में 50 हजार रुपये पर तय किया गया।

एसीबी टीम ने योजना बनाकर शिकायतकर्ता को पैसे के साथ भेजा। जैसे ही आरोपियों ने रिश्वत ली, टीम ने बड़कल चौक पर छापा मारकर दोनों को मौकेपर ही पकड़ लिया। रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली गयी।

एसीबी ने लोगों से भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे आने की अपील की है, अगर कोई भी व्यक्ति आपसे रिश्वत मांगता है या किसी भी तरह से ब्लैकमेल करता है,तो संपर्क करें और उसके खिलाफ शिकायत दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित