भुवनेश्वर , मार्च 19 -- ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में हुए दुखद अग्निकांड को लेकर विपक्षी दलों के कड़े विरोध के कारण राज्य विधानसभा की कार्यवाही लगातार तीसरे दिन पूरी तरह बाधित रही।
प्रश्नकाल शुरू होते ही बीजू जनता दल (बीजद) और कांग्रेस के सदस्यों ने स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग के इस्तीफे की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया और राज्य भर के अस्पतालों में सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल उठाए। विपक्षी सदस्य हाथों में तख्तियां लिए और नारेबाजी करते हुए सदन के बीचों-बीच पहुंच गए और अध्यक्ष के आसन के पास जाकर विरोध प्रदर्शन जारी रखा।
विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने बार-बार सदस्यों से अपनी सीटों पर लौटने और सदन को सुचारू रूप से चलने देने की अपील की, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ। विपक्ष के कड़े रुख के कारण सदन को पहले 11:30 बजे, फिर दोपहर एक बजे और बाद में शाम चार बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा। गतिरोध को तोड़ने के लिए अध्यक्ष द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक भी बेनतीजा रही, जिससे राजनीतिक गतिरोध और गहरा गया है।
बीजद की मुख्य सचेतक प्रमिला मलिक ने स्पष्ट किया है कि जब तक स्वास्थ्य मंत्री नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा नहीं देते, तब तक उनकी पार्टी सदन की कार्यवाही नहीं चलने देगी।उन्होंने अस्पताल के अधीक्षक की गिरफ्तारी की मांग करते हुए सरकार पर वरिष्ठ अधिकारियों को बचाने और केवल निचले स्तर के कर्मचारियों को निशाना बनाने का आरोप लगाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित