हैदराबाद , दिसंबर 28 -- दक्षिण मध्य रेलवे (एससीआर ) ने 2025 में अवसंरचना विकास, यात्री सुविधाओं, राजस्व सृजन और सुरक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।

एससीआर की ओर से रविवार को यहां जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार हैदराबाद के प्रमुख टर्मिनलों पर भीड़ कम करने की कोशिशों के तहत चरलापल्ली में एक विश्वस्तरीय सैटेलाइट टर्मिनल बनाया गया, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनवरी में किया था। उसी महीने एससीआर ने रेलवे एसोसिएशन ऑफ डर्मेटोलॉजिस्ट का पहला सालाना सम्मेलन भी आयोजित किया, जिससे रेलवे चिकित्सा पेशेवरों को आपस में ज्ञान साझा करने का अवसर मिला।

कर्मचारियों के कल्याण पर ध्यान देते हुए, सिकंदराबाद के लल्लागुडा सेंट्रल हॉस्पिटल में एक 64-स्लाइस सीटी स्कैन मशीन और एक इन-हाउस कार्डियक कैथलैब लगाई गयी। अमृत स्टेशन योजना के तहत बेगमपेट, करीमनगर और वारंगल स्टेशनों को फिर से विकसित किया गया और मई 2025 में उनका उद्घाटन किया गया।

विज्ञप्ति में कहा गया कि धरोहर की श्रेणी में शामिल काचेगुडा स्टेशन का 2.2 करोड़ रुपये की लागत से वास्तु-काला के हिसाब से सौंदर्यीकरण किया गया, जिसमें इसके इंडो-सारासेनिक और इंडो-गॉथिक डिज़ाइन को उभारा गया और जून में केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने इसे राष्ट्र को समर्पित किया।

एससीआर ने कहा है कि इस साल कई नयी ट्रेन सेवाएं शुरू की गयी और कई का विस्तार किया गया, जिसमें रोज़ाना चलने वाली काचेगुडा-भगत की कोठी ट्रेन, वंदे भारत एक्सप्रेस सेवाओं का नांदेड़ और नरसपुर तक विस्तार, और एक साप्ताहिक तिरुपति-साईनगर शिरडी ट्रेन शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित