सुकमा, मार्च 04 -- छत्तीसगढ़ के सुकमा में कोंटा थाना क्षेत्र के आसिरगुड़ा गांव के पास शबरी नदी में नहाने गए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एक कर्मचारी की बुधवार को डूबने से मौत हो गई। नदी में नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। जबकि साथ में मौजूद उसके दो अन्य साथियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार,मृतक की पहचान रामा साई (30) के रूप में हुई है, जो कोंटा स्थित एसबीआई शाखा में कैशियर के पद पर पदस्थ था। जानकारी के अनुसार, रामा साई अपने साथी कर्मचारी मयंक और शाखा प्रबंधक नवीन के साथ दोपहर करीब 1 बजे आसिरगुड़ा के पास शबरी नदी में नहाने गया था। नदी में उतरने के कुछ ही देर बाद रामा साई गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
घटना के समय नवीन और मयंक ने उसे बचाने का प्रयास किया। मयंक ने किसी तरह प्रबंधक नवीन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन रामा साई को तैरना नहीं आता था, जिससे वह और अंदर चला गया। दोनों साथियों ने शोर मचाकर स्थानीय ग्रामीणों को मदद के लिए बुलाया।
सूचना मिलने के बाद गोताखोरों और स्थानीय युवकों ने करीब एक घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद रामा साई को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही कोंटा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को अपने कब्जे में ले लिया।
बताया जा रहा है कि रामा साई अविवाहित था और मूल रूप से आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम के पास स्थित एक गांव का रहने वाला था। हादसे की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है।
कोंटा थाना प्रभारी निरीक्षक सलीम खाका ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल सुकमा भेजा जाएगा। परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित