पटना , फरवरी 04 -- बिहार पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने बेंगलुरु पुलिस के सहयोग से मंगलवार को बेंगलुरु के कोडिगेहल्ली थाना क्षेत्र से छापेमारी कर पटना जिले के तीन लाख के इनामी कुख्यात अपराधी मनोज सिंह और उसके एक लाख के इनामी पुत्र माणिक सिंह को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार अपराधी शम्भुपुरा थाना, नौबतपुर, जिला पटना के मूल निवासी हैं और लंबे समय से बेंगलुरु में छिपकर रह रहे थे। एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि दोनों अपराधी बेंगलुरु में सक्रिय हैं, जिसके बाद एक विशेष टीम का गठन कर स्थानीय पुलिस के सहयोग से कार्रवाई की गई।

छापेमारी के दौरान दोनों अपराधियों के पास से 11,290 रुपये नकद, एक सोने का हार, आठ डोंगल, नौ एंड्रॉयड मोबाइल फोन, तीन कीपैड मोबाइल समेत कई अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किये गये हैं।

पुलिस के अनुसार, दोनों अपराधी गंभीर और सनसनीखेज मामलों में वांछित थे। 15 दिसंबर, 2023 को दानापुर न्यायालय परिसर में न्यायिक अभिरक्षा में बंद छोटे सरकार की गोली मारकर हत्या कराने के मामले में इनकी संलिप्तता सामने आई थी। वहीं मार्च, 2025 में नौबतपुर थाना क्षेत्र में मनीष कुमार उर्फ मनु कुमार की गोली मारकर हत्या के मामले में भी दोनों फरार चल रहे थे।

कुख्यात अपराधी मनोज सिंह के विरुद्ध पटना जिले के विभिन्न थानों सहित अन्य राज्यों में हत्या, रंगदारी, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट के तहत 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं उसके पुत्र माणिक सिंह के विरुद्ध भी हत्या, रंगदारी, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट समेत 17 से अधिक मामले दर्ज बताये जा रहे हैं।

फिलहाल दोनों अपराधियों को ट्रांजिट रिमांड पर पटना लाया जा रहा है, जहां उनसे गहन पूछताछ की जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित