अमृतसर , फरवरी 02 -- शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) प्रौद्योगिकी के दुरुपयोग के माध्यम से सिख धर्म की गरिमा और सम्मान के विरुद्ध बनाए जा रहे वीडियो और अन्य सामग्री पर प्रतिबंध लगाने के लिए एआई और इंटरनेट के क्षेत्र में अनुभव रखने वाले विशेषज्ञों की एक उप-समिति का गठन किया है।

एसजीपीसी सचिव प्रताप सिंह ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि एआई के माध्यम से सिखों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले वीडियो और अन्य सामग्री सोशल मीडिया पर लगातार बढ़ रही है, जिसे रोकने के लिए जांच समिति ने इस क्षेत्र में कार्यरत कानूनी और विशेषज्ञ व्यक्तियों की एक उप-समिति गठित करने का निर्णय लिया है।

श्री सिंह ने बताया कि इस कमेटी में डॉ. हरजिंदर सिंह संधू (अमेरिका), हरमितशाह सिंह (ब्रिटेन), डॉ. सरबजोत सिंह यूके, डॉ. सरप्रीत सिंह श्री गुरु ग्रंथ साहिब वर्ल्ड यूनिवर्सिटी श्री फतेहगढ़ साहिब, डॉ. गुरपाल सिंह खालसा कॉलेज पटियाला, डॉ. जगदीप सिंह माल्ही गुरु नानक इंजीनियरिंग कॉलेज लुधियाना, डॉ. सतिंदरपाल सिंह गुरु नानक इंजीनियरिंग कॉलेज लुधियाना शामिल हैं। इस कमेटी के संयोजक शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सिस्टम प्रशासक करमवीर सिंह होंगे।

सचिव ने कहा कि यह उप-समिति एआई तकनीक का उपयोग करके सिख धर्म के खिलाफ सोशल मीडिया पर प्रचारित की जा रही सामग्री को रोकने के लिए अग्रणी एआई प्रौद्योगिकी कंपनियों के साथ संपर्क स्थापित करने का भी काम करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित