लखनऊ , मार्च 29 -- 'विकसित उत्तर प्रदेश 2047' की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य परिवर्तन आयोग ने संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआईएमएस) के अस्पताल प्रशासन विभाग में राज्य स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र (स्टेट हेल्थ सिस्टम रिसोर्स सेंटर-यूपी) के स्थापना की मंजूरी दे दी है। 23 करोड़ की लागत से स्थापित होने वाला यह सेंटर देश का 11वां सेंटर होगा।

एसजीपीजीआईएमएस के प्रोफेसर एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश हर्षवर्धन के निर्देशन में तैयार होने वाले इस सेंटर के जरिये 'स्वस्थ उत्तरप्रदेश' को लेकर कदम उठाए जाएंगे। यह केंद्र स्वास्थ्य परिणामों में सुधार, सुशासन को मजबूत करने और डेटा-आधारित निर्णय प्रणाली को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगा।

प्रो. राजेश हर्षवर्धन ने बताया कि स्टेट हेल्थ सिस्टम रिसोर्स सेंटर-यूपी का ढांचा राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र (नेशनल हेल्थ सिस्टम रिसोर्स सेंटर) के मॉडल पर आधारित है, जो केंद्र सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत एक प्रमुख तकनीकी संस्थान है। इसी तर्ज पर यह केंद्र राज्य स्तर पर नीति और जमीनी क्रियान्वयन के बीच की दूरी को कम करेगा।

यह केंद्र नीति निर्माण, परिचालन अनुसंधान, स्वास्थ्य प्रणाली सुदृढ़ीकरण और स्वास्थ्यकर्मियों के प्रशिक्षण जैसे क्षेत्रों में कार्य करेगा। एसजीपीजीआईएमएस का अस्पताल प्रशासन विभाग अपने अनुभव के आधार पर इसे प्रभावी ढंग से संचालित करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित