देहरादून , अप्रैल 17 -- उत्तराखंड के देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी ) प्रवेंद्र डोभाल ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में परेड का निरीक्षण किया तथा पुलिस कर्मियों को मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के लिए परेड को महत्वपूर्ण बताते हुए नियमित रूप से पुलिसकर्मियों की परेड करवाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कर्मियों के साथ खुद भागते हुए उनकी शारीरिक दक्षता को परखा।
श्री डोभाल ने परेड के उपरांत शस्त्रागार के निरीक्षण के दौरान मालखाने में रखे शस्त्र एवं माल तथा सरकारी सम्पत्ति के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त करते हुए प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन को वहां रखे शस्त्रों की नियमित रूप से साफ-सफाई करवाने तथा अधीनस्थ नियुक्त अधिकारियों तथा कर्मचारियों को उनकी हैण्डलिंग का अभ्यास कराने के निर्देश दिये गये। स्टोर कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने एन्टीराइड उपकरणों, बुलेटप्रूफ जैकेट सहित अन्य विभिन्न साजो-सामान का भौतिक निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार एन्टी राइड उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। साथ ही स्टोर में रखे रजिस्टरों का अवलोकन कर अन्य राजकीय सम्पत्तियों के सम्बंध में जानकारी प्राप्त की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने आवासीय परिसर, बैरकों तथा भोजनालय के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की व्यवस्था दुरस्त रखने तथा रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये। साथ ही भोजनालय में कर्मचारियों के बनने वाले भोजन की गुणवत्ता उच्च कोटी की रखने के लिए सम्बन्धित अधिकारी को निर्देशित किया गया। उन्होंने लाइन स्थित पुलिस मार्डन स्कूल के निरीक्षण में उपस्थित अध्यापकों से उनके अध्यापन कार्याे के सम्बंध में जानकारी प्राप्त करते हुए छात्र हितो को सर्वाेपरि रखते हुए कार्य करने के निर्देश दिये। परिवहन शाखा के भ्रमण के दौरान उन्होंने उपलब्ध वाहनों की साफ-सफाई एवं फिटनेस का जायजा लेते हुए राजकीय वाहनों के रखरखाव के सम्बंध में आवश्यक निर्देश दिए गये।
एसएसपी ने इस दौरान पूर्ण कर्तव्यनिष्ठा के साथ करने वाले तीन कर्मियों राजेश जोशी, रमेश रावत तथा सूरज सिंह को उत्साहवर्धन के लिए पुरुस्कृत किया। उन्होंने पुलिस लाइन की अन्य शाखाओं के भ्रमण के दौरान कार्यालय में रखे अभिलेखों का अवलोकन करते हुए सभी अभिलेखों को नियमित रूप से अध्यावधिक करने को निर्देशित किया। निरीक्षण के पश्चात उन्होंने अधिकारियों/कर्मचारियों के साथ गोष्ठी कर उनसे उनकी समस्याओं के सम्बंध में जानकारी लेते हुए उनके समयबद्ध निस्तारण के लिये अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित