कोरबा , दिसंबर 15 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा वनमंडल अंतर्गत दर्री सर्किल क्षेत्र में स्थित एसएलआरएम सेंटर (कचरा संग्रहण केंद्र) में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बकरियों के झुंड के साथ एक जंगली सुअर परिसर में घुस आया। बकरियों को खदेड़ते हुए चौकीदार उन्हें जंगल की ओर ले गया, इसी दौरान जंगली सुअर ने उस पर अचानक हमला कर दिया।
हमले में चौकीदार लोरिक लाल यादव (60), निवासी नगोईखार श्यामनगर, दर्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में भी चौकीदार ने साहस दिखाते हुए जंगली सुअर से मुकाबला किया और किसी तरह अपनी जान बचाई। घटना के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
यह घटना तहसील कार्यालय के पीछे स्थित एसएलआरएम सेंटर परिसर में घटित हुई। सूचना मिलते ही कटघोरा प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) कुमार निशांत के निर्देश पर वन विभाग की टीम मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंची। वन विभाग द्वारा पीड़ित को विभागीय नियमों के तहत तत्कालिक सहायता राशि प्रदान की गई है।
वन विभाग द्वारा मामले की जानकारी लेते हुए क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित