चंडीगढ़ , मई 01 -- एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एसएएस नगर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में विदेश में बैठे गैंगस्टरों के एक प्रमुख गुर्गे को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल तथा पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शुक्रवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने विदेश-स्थित हैंडलरों के निर्देशों पर काम कर रहा था और उसे ट्राइसिटी क्षेत्र में कई लक्ष्यों को निशाना बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उसकी गिरफ्तारी से इलाके में संभावित गंभीर आपराधिक गतिविधियों को सफलतापूर्वक टाल दिया गया है।
श्री यादव ने कहा कि यह गिरफ्तारी 18 अप्रैल को किए गए पहले संयुक्त अभियान के बाद हुई है, जिसमें चार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ एक गैंगस्टर मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया था। उन्होंने कहा कि नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित