नैनीताल , जनवरी 16 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के बहुचर्चित सुखवंत सिंह आत्महत्या प्रकरण की जांच के लिए गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने शुक्रवार को रुद्रपुर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एसआईटी की टीम ने सबसे पहले आईटीआई थाना पहुंचकर केस डायरी और अन्य अभिलेखों को अपने कब्जे में लिया। साथ ही थाना काठगोदाम से मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल फोन एवं अन्य अभिलेखों के साथ ही साक्ष्यों का अवलोकन किया। यही नहीं एसआईटी टीम ने मृतक के मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त शस्त्र को भी फॉरेंसिक जांच के लिए फोरेंसिक प्रयोगशाला भेज दिया है।

एसआईटी की तकनीकी टीम ने मृतक द्वारा भेजे गए ई-मेल का भी विस्तृत परीक्षण किया। जिसमें मृतक ने पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के साथ स्थानीय लोगों पर धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लगाये हैं।

उल्लेखनीय है कि ऊधमसिंह नगर जिले के पेगा निवासी किसान सुखवंत सिंह ने विगत 10 जनवरी की रात को हल्द्वानी एक होटल में गोली मारकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली थी। उसने मौत को गले लगाने से पहले भूमि खरीद के नाम पर चार करोड़ की धोखाधड़ी के आरोप लगाये थे। साथ ही ऊधमसिंह नगर पुलिस की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाए थे।

इस घटना के बाद हड़कंप मच गया था। सरकार ने भी इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए सख्ती के संकेत दिए थे। पुलिस मुख्यालय ने भी इस प्रकरण की गहन जांच के नाम पर एसआईटी के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय टीम का गठन किया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित