कानपुर नगर , मार्च 13 -- उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 70 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और बीएलओ सुपरवाइजर को सम्मानित किया।

छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय स्थित वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने बीएलओ और सुपरवाइजर से सीधा संवाद कर अभियान से जुड़े अनुभव और फीडबैक भी प्राप्त किए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण अभियान की सफलता में बीएलओ और सुपरवाइजर की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके परिश्रम और समर्पण के कारण ही यह अभियान प्रभावी ढंग से संचालित हो रहा है और मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और अद्यतन बनाने का कार्य सफलतापूर्वक प्रगति पर है।

संवाद के दौरान किदवई नगर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 72 के बीएलओ संजय कुमार शर्मा ने बताया कि उन्होंने अपने बूथ के मतदाताओं का एक व्हाट्सएप समूह बनाकर आवश्यक सूचनाएं साझा कीं और घर-घर जाकर प्रत्येक परिवार का विवरण एकत्र किया, जिससे कार्य समय से पूरा करने में सहायता मिली। बिठूर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 384 के प्रथम बार नियुक्त बीएलओ अंकित पटेल ने बताया कि प्रारंभ में कुछ कठिनाई हुई, लेकिन अधिकारियों के मार्गदर्शन और प्रशिक्षण से कार्य सरलता से पूरा हो गया। कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 115 के बीएलओ रवि कुमार ने कहा कि चुनौतियों को सकारात्मक रूप से स्वीकार करते हुए कार्य किया और मतदाताओं का भी भरपूर सहयोग मिला। बीएलओ सोनिया गुप्ता, रमेश कुमार सचान, विनय कुमार तथा सुपरवाइजर विशाल यादव ने भी अपने अनुभव साझा किए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित