लखनऊ , दिसंबर 30 -- उत्तर प्रदेश में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की तिथियों में निर्वाचन आयोग ने संशोधन किया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची का प्रकाशन अब छह जनवरी 2026 को किया जाएगा जबकि अंतिम मतदाता सूची छह मार्च 2026 को प्रकाशित होगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि आयोग ने एक जनवरी 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए एसआईआर की समय-सारिणी में बदलाव किया है। इसके तहत मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 6 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि छह जनवरी से 27 फरवरी 2026 तक नोटिस चरण, गणना प्रपत्रों पर निर्णय तथा दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची छह मार्च 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में अपने नाम, विवरण की जांच कर लें और आवश्यकता होने पर दावे या आपत्तियां दर्ज कराएं, ताकि मतदाता सूची त्रुटिरहित तैयार की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित