सक्ति , फरवरी 08 -- मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ के सक्ति जिले में स्थित चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र ने पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के लिए चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में कार्यरत बीएलओ, सुपरवाइजर, मास्टर ट्रेनर एवं तकनीकी सहायकों को डभरा एसडीएम द्वारा सम्मानित किया गया।

गौरतलब है कि एसआईआर कार्य भारत निर्वाचन आयोग का एक महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील कार्य था, जिसके अंतर्गत मतदाता सूची का सत्यापन किया गया। इस प्रक्रिया में फार्म वितरण, डिजिटलाइजेशन, दावा-आपत्ति, सुनवाई एवं निराकरण जैसे जटिल चरण शामिल थे, जिन्हें शून्य त्रुटि के साथ पूर्ण करना एक बड़ी चुनौती थी।

चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में इस कार्य को एसडीएम विनय कश्यप के मार्गदर्शन में तहसीलदार मनमोहन सिंह, नायब तहसीलदार आशीष पटेल, लगभग 300 बीएलओ, 25 सुपरवाइजर, 10 सहायक निर्वाचन पंजीयन अधिकारियों की टीम ने निर्धारित समय-सीमा में सफलतापूर्वक पूर्ण किया। बेहतर समन्वय और सतत निगरानी के चलते चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र ने प्रदेश स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि पहला स्थान रायपुर शहरी विधानसभा क्षेत्र को मिला।

ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र होने के बावजूद नेटवर्क की समस्या एवं डिजिटल संसाधनों की सीमित उपलब्धता के बीच चंद्रपुर की टीम ने उल्लेखनीय कार्य किया। एसआईआर कार्य के पश्चात विधानसभा स्तर पर लगभग 28 हजार मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए, जिनके प्रमुख कारण मृत्यु, स्थानांतरण, विवाह पश्चात नाम परिवर्तन एवं डबल एंट्री रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित