धार , जनवरी 19 -- सम्पूर्ण मध्यप्रदेश में मतदाता सूची के एसआईआर कार्य के अंतर्गत नाम जोड़ने और हटाने के लिए दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया चल रही है। इसी क्रम में धार जिले की सरदारपुर विधानसभा में फर्जी तरीके से नाम हटाने की गड़बड़ी को लेकर सोमवार को विधायक प्रताप ग्रेवाल के नेतृत्व में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर एसडीएम सलोनी अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा।

विधायक प्रताप ग्रेवाल ने आरोप लगाया कि सत्ता के दबाव में आदिवासियों के नाम मतदाता सूची से काटने का षड्यंत्र चल रहा है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के गहन परीक्षण में बीएलओ द्वारा निष्पक्ष और मेहनत से कार्य किया गया, लेकिन फर्जी व्यक्तियों द्वारा ग्रामीण मतदाताओं के नाम से आपत्ति फार्म भरकर नाम हटाने की साजिश की जा रही है।

उन्होंने बताया कि मतदान केंद्र देदला-73 में सुभाष पिता सारवणिया डावर के नाम से तीन मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फार्म जमा किया गया, जबकि सुभाष डावर को इसकी जानकारी ही नहीं है। बताया गया कि संबंधित व्यक्ति विकलांग एवं दृष्टिहीन है। फार्म में मोबाइल नंबर और दिनांक भी दर्ज नहीं है। इसी मतदान केंद्र में रवि के नाम से भी तीन मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फार्म दिया गया, जिसमें दर्ज ईपिक नंबर निर्वाचन पोर्टल पर मौजूद नहीं है।

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि मतदान केंद्र पिपल्याभान-142 में खेलु मावी के नाम से 30 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फार्म जमा किया गया, जबकि खेलु मावी को इसकी जानकारी नहीं है और वह एसआईआर प्रक्रिया में अपना फार्म जमा करने के बाद गुजरात गया हुआ है। आरोप है कि एक ही दिन में 30 फार्म जमा किए गए, जबकि नियम अनुसार एक दिन में अधिकतम 10 फार्म ही जमा किए जा सकते हैं। इन्हीं फार्मों में वर्तमान सरपंच मिठ्डीबाई डोडियार सहित कई ग्रामीणों के नाम हटाने के लिए आवेदन दिया गया, जबकि सभी मतदाता गांव में निवासरत हैं।

इसके अलावा मतदान केंद्र भमती-143 में कांग्रेस के बीएलए भावसिंह भाबर का नाम हटाने के लिए फार्म जमा किया गया, जबकि उन्होंने एसआईआर कार्य में एक माह तक बीएलओ का सहयोग किया था।

ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि नाम हटाने के लिए दिए गए घोषणा पत्रों की सत्यता की जांच एसडीएम कार्यालय में लगे कैमरों और फार्मों पर किए गए हस्ताक्षरों के आधार पर की जाए तथा फर्जी फार्म भरने वालों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 31 के तहत प्रकरण दर्ज किया जाए।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रतनलाल पडियार ने बताया कि रिंगनोद, लाबरिया, संदला, बोडिया, चुनियागढ़ी, पडुनीकला, माछलिया, राजगढ़, कुशलपुरा, दत्तीगांव, बांडीखाली, बरखेड़ा, चालनीमाता, बिमरोड, आमलियाखुर्द, उजाड़िया सहित कई क्षेत्रों में भी षड्यंत्रपूर्वक नाम हटाने के लिए झूठे आवेदन दिए गए हैं।

ज्ञापन सौंपने के बाद पिपल्याभान की सरपंच मिठ्डीबाई डोडियार और भावसिंह भाबर ने विधायक प्रताप ग्रेवाल के साथ राजगढ़ थाना पहुंचकर फर्जी तरीके से नाम हटाने का षड्यंत्र रचने वालों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराने हेतु आवेदन दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित