नयी दिल्ली , मार्च 09 -- वाहनों के कलपुर्जे और लुब्रिकेंट बनाने वाली कंपनी एश्योरेंस इंटरनेशनल ने जनरल मोटर्स के स्वामित्व वाले ब्रांड एसीडेल्को के उत्पादों को भारतीय बाजार में उतारने के लिए उसके साथ करार किया है।
जनरल मोटर्स के साथ आधिकारिक लाइसेंसिंग और रणनीतिक साझेदारी के तहत देश में वाहनों के लिए एसीडेल्को की बैटरियों और लुब्रिकेंट के विनिर्माण, विपणन और वितरण की जिम्मेदारी एश्योरेंस इंटरनेशनल संभालेगा। दोनों कंपनियों ने सोमवार को यहां एक कार्यक्रम में इसकी घोषणा की।
एश्योरेंस इंटरनेशनल के प्रबंध निदेशक राकेश शर्मा ने कहा कि यह साझेदारी दोनों कंपनियों की क्षमताओं को जोड़ता है।
भारत में शेवरले सेल्स इंडिया के वाणिज्यिक प्रमुख महेश रविंद्रन ने कहा, "देश में एसीडेल्को ऑटोमोटिव बैटरियों और लुब्रिकेंट को दोबारा पेश करना हमारी वैश्विक रणनीति के अनुरूप है। एश्योरेंस इंटरनेशनल की परिचालन क्षमता और स्थानीय बाजार की समझ देश में एसीडेल्को ब्रांड के विस्तार के लिए मजबूत आधार प्रदान करती है।"इस सहयोग के तहत शुरुआती चरण में उत्पादों की श्रृंखला में वाहनों की बैटरियां और उच्च प्रदर्शन वाले लुब्रिकेंट्स शामिल होंगे, जिन्हें भारतीय परिस्थितियों में चलने वाले यात्री और वाणिज्यिक वाहनों के लिए विकसित किया गया है।
कंपनी के अनुसार, स्थानीय स्तर पर निर्माण से प्रतिस्पर्धी कीमत सुनिश्चित करने के साथ एसीडेल्को से जुड़े वैश्विक गुणवत्ता मानकों को बनाये रखा जायेगा। इन उत्पादों का वितरण देश के प्रमुख वाहन बाजारों में वितरकों, रिटेलरों और सर्विस वर्कशॉप के नेटवर्क के माध्यम से किया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित