उलानबटोर (मलेशिया) , मार्च 27 -- ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन और पूर्व विश्व चैंपियन निखत जरीन शनिवार से शुरु होने वाली एशियन मुक्केबाजी चैंपियनशिप 2026 में भारत की चुनौती की अगुवाई करेंगी।

एएसए एरिना में होने वाली एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप के पदक विजेता सहित लगभग 250 मुक्केबाजों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। यह चैंपियनशिप 28 मार्च से 11 अप्रैल तक चलेगी।

भारत ने इस चैंपियनशिप के लिए 20 सदस्यों वाली मुक्केबाजी टीम भेजी है। जो भारतीय मुक्केबाज मंज़ूर वजन कैटेगरी में फाइनल में पहुंचेंगे, उन्हें कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स के लिए सीधे क्वालिफिकेशन मिल जाएगा।

तीन बार की एशियन चैंपियनशिप मेडलिस्ट लवलीना बोरगोहेन महिलाओं की 75 किग्रा कैटेगरी में मुक़ाबला करेंगी। निखत ज़रीन 51 भार वर्ग में लड़ेंगी। मौजूदा विश्व चैंपियन मीनाक्षी हुड्डा और जैस्मीन लंबोरिया के साथ-साथ ओलंपियन पूजा रानी भी भारत की महिला टीम का हिस्सा हैं।

एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 के लिए भारतीय टीम इस प्रकार है:-महिला वर्ग: मीनाक्षी हुड्डा (48किग्रा), निखत जरीन (51किग्रा), प्रीति पंवार (54किग्रा), जैस्मीन लंबोरिया (57किग्रा), प्रिया (60किग्रा), अंकुशिता बोरो (65किग्रा), अरुंधति चौधरी (70किग्रा), लवलीना बोरगोहेन (75किग्रा), पूजा रानी (80किग्रा), अल्फिया पठान (80 प्लस किग्रा)।

भारत की पुरुष टीम की अगुवाई सचिन सिवाच करेंगे। वह 60 किग्रा भार वर्ग में मुकाबला करेंगे। पटियाला में एक महीने तक चले मूल्यांकन के बाद, ओलंपियन अमित पंघाल, दो बार के राष्ट्रमंडल खेल पदक विजेता मोहम्मद हुसामुद्दीन, मौजूदा सीडब्ल्यूजी चैंपियन नीतू घनघस और पूर्व एशियाई चैंपियन परवीन हुड्डा का चयन नहीं हो पाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित