एडिलेड , दिसंबर 17 -- एलेक्स कैरी (106) की शतकीय और उस्मान ख्वाजा (82) की अर्द्धशतकीय पारियों की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे एशेज टेस्ट मैच के पहले दिन बुधवार को स्टंप्स के समय आठ विकेट पर 326 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली हैं।

आज यहां ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 33 रन के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिये। जेक वेदरॉल्ड (18) और ट्रेविस डे (10) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद उस्मान ख्वाजा और मार्नस लाबुशेन की जोड़ी ने पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 61 रनों की साझेदारी हुई। 25वें ओवर में जोफ्रा आर्चर ने मार्नस लाबुशेन (19) को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। इसी ओवर में उन्होंने कैमरन ग्रीन (शून्य) को भी अपना शिकार बना लिया। बल्लेबाजी करने आये एलेक्स कैरी ने उस्मान ख्वाजा के साथ जूझारु बल्लेबाजी का परिचय देते हुए पांचवें विकेट के लिए 91 रन जोड़े। 48वें ओवर में विल जैक्स ने शतक की ओर बढ़ रहे उस्मान ख्वाजा को आउटकर पवेलियन भेज दिया। उस्मान ख्वाजा ने 126 गेंदों में 10 चौके लगाते हुए 82 रनों की शानदार पारी खेली।

ऑस्ट्रेलिया का छठा विकेट जॉश इंग्लिस (32) के रूप में गिरा। उन्हें जॉश टंग ने बोल्ड आउट किया। कप्तान पैट कमिंस 13 रन बनाकर आउट हुये। इसी दौरान एलेक्स कैरी ने 73वें ओवर की पांचवीं गेंद पर तीन रन लेकर अपना शतक पूरा किया। उन्होंने अपना शतक बनाने के लिए आठ चौके और एक छक्का लगाया। दिन का आखिरी विकेट एलेक्स केरी के रूप में गिरा उन्हें विल जैक्स ने आउट किया। कैरी ने 148 गेंदों में आठ चौके और एक छक्का उड़ाते हुए 106 रनों की पारी खेली। दिन का खेल समाप्त होने के समय ऑस्ट्रेलिया ने आठ विकेट पर 326 रन बना लिये है और मिचेल स्टार्क (नाबाद 33) और नेथन लायन बिना खाता खोले क्रीज पर मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित