रायगढ़ , मार्च 13 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर में घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ऑनलाइन बुकिंग का सर्वर फेल होने के कारण गैस एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतार दिखाई दे रही है। लोग सुबह आठ बजे से ही सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े हो रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक सर्वर में तकनीकी खराबी के चलते ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो पा रही है, जिसके कारण बड़ी संख्या में उपभोक्ता सीधे एजेंसी पहुंचकर सिलेंडर लेने की कोशिश कर रहे हैं। अचानक बढ़ी भीड़ के कारण एजेंसी के बाहर अव्यवस्था की स्थिति बन गई है।

गैस लेने पहुंचे उपभोक्ताओं का कहना है कि कई घंटे इंतजार करने के बाद भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। वहीं इस दौरान एजेंसी के कर्मचारियों और उपभोक्ताओं के बीच कहासुनी और विवाद की स्थिति भी बन रही है।

स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके और गैस वितरण व्यवस्था सामान्य हो ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित