नयी दिल्ली , मार्च 10 -- कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और लोकसभा सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को संसद भवन में देश में कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कथित कमी को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि मौजूदा हालात में संकट और गहराने वाला है।
प्रियंका गांधी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भारत सरकार व्यापार समझौता मामले में जिस तरह अमेरिका के सामने झुकी है, उससे हालात और बिगड़ सकते हैं। उन्होंने कहा "संकट गहराता जा रहा है। आगे और गहरायेगा। दुनिया में युद्ध जैसी स्थिति बनी हुई है, इसलिए इसका असर और बढ़ेगा। जिन मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए, उन पर चर्चा नहीं हो रही है।"प्रियंका ने राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि वो कभी झुके नहीं हैं और वो सच कहते हैं। राहुल गांधी अपनी बात से कभी पीछे नहीं हटते हैं।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के राहुल गांधी के पोशाक वाले बयान पर प्रियंका गांधी ने कहा कि असली मुद्दा यह नहीं है। उन्होंने कहा, क्या इस बात पर चर्चा होनी चाहिए या फिर उन परेशानियों पर, जो सरकार की नीतियों की वजह से देश के लोग झेल रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित