अम्बाला चंडीगढ़ , मार्च 12 -- हरियाणा में घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) की बढ़ती कीमतों और किल्लत के विरोध में कांग्रेस ने अम्बाला में जोरदार प्रदर्शन किया। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की अगुवाई में पार्टी कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

इस धरना-प्रदर्शन में प्रदेश के सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल और प्रफुल्ल गुडथे भी मौजूद रहे। श्री सिंह ने बताया कि हाल ही में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में करीब 60 रुपये और व्यावसायिक सिलेंडर में 115 रुपये की बढ़ोतरी के विरोध में यह प्रदर्शन किया गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार वैश्विक संकट और पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष का हवाला देकर आम जनता पर महंगाई का बोझ डाल रही है, जबकि एलपीजी की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने में भी नाकाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने का वादा किया था लेकिन अब कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम परिवारों का बजट बिगड़ रहा है।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने "महंगाई हटाओ" और "एलपीजी सस्ता करो" जैसे नारे लगाए। कई जगहों पर चूल्हा जलाकर प्रतीकात्मक विरोध भी जताया गया, ताकि रसोई गैस की किल्लत से लोगों की परेशानी को उजागर किया जा सके।

अम्बाला के ढाबा संचालकों ने भी व्यावसायिक सिलेंडर की कमी से कारोबार प्रभावित होने की बात कही। कांग्रेस ने मांग की है कि एलपीजी की कीमतें तुरंत कम की जाएं, सब्सिडी बढ़ाई जाए और गैस की आपूर्ति सुचारू की जाए, अन्यथा पार्टी राज्यभर में बड़ा आंदोलन करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित