लखनऊ, मार्च 10 -- लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) शहर के भविष्य को आकार देने के लिए बड़े पैमाने पर नियोजित विकास कर रहा है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मंगलवार को मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत प्रस्तावित वेलनेस सिटी योजना का निरीक्षण किया और उन्होंने योजना के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

लैंड पूलिंग नीति के अंतर्गत योजना के लिए जिन काश्तकारों की भूमि ली जा रही है, उन्हें वेलनेस सिटी योजना में निःशुल्क भूमि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा, काश्तकारों को योजना की जानकारी देने तथा लैंड पूलिंग प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए साइट ऑफिस पर विशेष कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

उपाध्यक्ष ने कहा कि अर्जन अनुभाग के अधिकारी नियमित रूप से साइट ऑफिस में बैठकर काश्तकारों की समस्याओं का समाधान करें और भूमि एग्रीमेंट की प्रक्रिया को तेज करें।

उपाध्यक्ष ने लैंड पूलिंग नीति के तहत 50% भूमि की सहमति/अधिग्रहण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि योजना का कार्य शीघ्र प्रारम्भ किया जा सके। जिन गांवों में अभी तक भूमि एग्रीमेंट नहीं हुए हैं, उनकी पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर एग्रीमेंट कराने को कहा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित