रांची , फरवरी 24 -- झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने एयर एंबुलेंस हादसे में मारे गए लोगों के प्रति शोक व्यक्त किया है।
डॉ अंसारी आज चतरा सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा कि चतरा के सिमरिया के समीप एक चार्टर एयर एम्बुलेंस/लाइट एयरक्राफ्ट दुर्भाग्यपूर्ण क्रैश हो गया, जिसमें कुल 7 लोग सवार थे। प्रारंभिक सूचना के अनुसार सभी की दर्दनाक मृत्यु हुई है। घटनास्थल पर तत्काल रेस्क्यू एंड रिकवरी ऑपरेशन चलाया गया। पीड़ितों को चतरा सदर अस्पताल लाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित किया। परिजनों का विलाप और उनकी पीड़ा ने मुझे भीतर तक झकझोर दिया है।
डॉ अंसारी घटनास्थल पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया। जिला प्रशासन, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक एवं सिविल सर्जन के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक तौर पर यह मामला एविएशन सेफ्टी कंप्लायंस, स्टैंडर्ड फ्लाइट ऑपरेशन प्रोसीजर (एसओपी) और एयरवर्थिनेस सर्टिफिकेशन से जुड़ा प्रतीत होता है। विशेषज्ञों की टीम घटनास्थल पर पहुँच रही है। ब्लैक बॉक्स की रिकवरी कर टेक्निकल फेल्योर एनालिसिस, मौसमीय परिस्थितियों, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) कम्युनिकेशन लॉग, तथा मेंटेनेंस रिकॉर्ड्स और सर्विस हिस्ट्री की फॉरेंसिक जांच की जाएगी।
डॉ अंसारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि संबंधित चार्टर कंपनी के एयरक्राफ्ट रजिस्ट्रेशन, एयरवर्थिनेस सर्टिफिकेट, डीजीसीए रेगुलेटरी कंप्लायंस, मेंटेनेंस शेड्यूल, ऑपरेशनल क्लियरेंस और पायलट फ्लाइट आवर्स की विस्तृत जांच हो। यदि किसी भी स्तर पर नेग्लिजेंस, ह्यूमन एरर, या सेफ्टी प्रोटोकॉल वायलेशन पाया गया, तो जिम्मेदार पक्ष पर कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह घटना एक गंभीर चेतावनी है। चार्टर और नॉन-स्केड्यूल्ड फ्लाइट ऑपरेशंस की सेफ्टी ऑडिट और रेगुलेटरी मॉनिटरिंग को और सख्त करने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदी की पुनरावृत्ति न हो।
डॉ अंसारी ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री होने के नाते मेरी जवाबदेही बनती है। मैंने मीडिया के समक्ष कहा कि यदि हमारे क्षेत्र में अत्याधुनिक मल्टी-स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, रिम्स-2 (राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान विस्तार परियोजना), समर्पित ट्रॉमा सेंटर, और एयर एम्बुलेंस सपोर्टेड क्रिटिकल केयर इंफ्रास्ट्रक्चर सुदृढ़ रूप में उपलब्ध होते, तो मरीजों को अन्य राज्यों में रेफर करने की आवश्यकता कम होती। आने वाले दिनों में झारखंड में बड़े और आधुनिक अस्पतालों के निर्माण की दिशा में ठोस पहल कर रहा हूं।
डॉ अंसारी ने कहा कि मैं अपने विपक्ष के साथियों से भी कहना चाहता हूँ-स्वास्थ्य के क्षेत्र में परिवर्तन लाने दीजिए। जमीन के मुद्दे को अनावश्यक रूप से राजनीतिक बनाकर जनता को गुमराह न करें। मैंने परिजनों की आँखों में आँसू देखे हैं। जो जानें जा रही हैं, उन्हें बचाने के लिए हमें मिलकर काम करना होगा।हम जान वापस नहीं ला सकते, परंतु राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्हें हर संभव सहायता और मुआवजा प्रदान किया जाएगा। यह हादसा मुझे व्यक्तिगत रूप से भीतर तक झकझोर गया है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें और परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें। इस अवसर पर चतरा के सांसद,विधायक कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष सहित, सिविल सर्जन सहित पूरी विभाग के टीम एवं परिजन मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित