नयी दिल्ली , मार्च 14 -- एयर इंडिया समूह ने शनिवार को कहा कि एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस रविवार 15 मार्च को पश्चिम एशिया क्षेत्र से आने-जाने के लिए कुल 72 निर्धारित और गैर-निर्धारित उड़ानें संचालित करेंगी।

समूह की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक 'दोनों एयरलाइंस 15 मार्च को जेद्दा और मस्कट के लिए अपनी निर्धारित उड़ान सेवाएं जारी रखेंगी जिसमें भारत और जेद्दा के बीच कुल 8 उड़ानें शामिल होंगी।

विज्ञप्ति के अनुसार एयर इंडिया दिल्ली और मुंबई से एक-एक वापसी की उड़ान सेवाएं परिचालित करेगी। इसी तरह एयर इंडिया एक्सप्रेस बेंगलुरू और कोझिकोड से एक-एक उड़ान संचालित करेगी। एयर इंडिया एक्सप्रेस इसके अलावा मस्कट के लिए कुल 12 निर्धारित उड़ानें संचालित करेगी जो दिल्ली, कोच्चि, कोझिकोड, मंगलुरू , मुंबई तथा तिरुवनंतपुरम से परिचालित की जाएगी। ये दोनों एयरलाइनें अपनी निर्धारित सेवाओं के अतिरिक्त भारत और संयुक्त अरब अमीरात और सऊदी अरब के बीच दोनों ओर से कुल 52 अतिरिक्त गैर-निर्धारित उड़ानें संचालित करेंगी।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि इन गैर निर्धारित उड़ानों का परिचालन संबंधित हवाई अड्डों पर उड़ान के समय की उपलब्धता और वहां की अन्य परिस्थितियों पर निर्भर करेगा। एयर इंडिया समूह ने कहा है कि ये उड़ानें भारत और संबंधित देशों के नियामक प्राधिकरणों से आवश्यक अनुमति प्राप्त होने के बाद संचालित की जा रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित