नयी दिल्ली , दिसंबर 09 -- टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया ने 'कुहासे के मौसम' के मद्देनजर रोस्टरिंग तथा शिड्यूलिंग की तैयारी की है और यात्रियों को प्रभावित उड़ानों के लिए बिना किसी शुल्क के रिफंड का विकल्प दिया है।
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने 10 दिसंबर से 10 फरवरी तक 'कुहासे के मौसम' की घोषणा की है।
एयरलाइंस ने मंगलवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए उसकी फॉग केयर पहल एक बार फिर सक्रिय रहेगी। इसके तहत मौसम विभाग के अनुमान में जिन उड़ानों के प्रभावित होने की आशंका होगी उनके यात्रियों को पहले ही इसकी सूचना दे दी जायेगी। उन्हें बताया जायेगा कि उनकी उड़ान में देरी हो सकती है या उसका समय बदला जा सकता है। इसके बाद यात्री के पास बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के टिकट रि-शिड्यूल करने या पूरा रिफंड लेने का विकल्प होगा।
एयरलाइंस ने बताया कि 'कुहासे के मौसम' के दौरान कम दृश्यता में कैट 3बी या आईएलएस (उपकरण समर्थित लैंडिंग) के लिए प्रशिक्षित पायलटों की उपलब्धता सुनिश्चित की जायेगी।
कुहासा जिस समय ज्यादा होता है उस समय कैट 3बी प्रमाणित विमानों का इस्तेमाल किया जायेगा। साथ ही हवाई अड्डों के साथ मिलकर यह सुनिश्चित किया जायेगा की यात्रियों को कम से कम परेशानी हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित