नयी दिल्ली , मार्च 04 -- टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया गुरुवार से सऊदी अरब के जेद्दा के लिए नियमित उड़ानें शुरू करेगी।
एयरलाइंस के एक प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि 05 मार्च से एयर इंडिया जेद्दा के लिए नियमित उड़ानें शुरू कर रही है जबकि पश्चिम एशिया के अन्य शहरों के लिए उसकी सभी उड़ानें फिलहाल रद्द रहेंगी। जेद्दा के लिए गुरुवार को उसकी तीन उड़ानें प्रस्थान करेंगी। इनमें दिल्ली से जेद्दा के लिए एक उड़ान और मुंबई से दो उड़ानें शामिल हैं।
इसके अलावा, फंसे हुए यात्रियों को निकालने के लिए वह मुंबई और दुबई के बीच एक अतिरिक्त उड़ान का भी परिचालन करेगी। अतिरिक्त उड़ान के लिए बोइंग 777 विमान का इस्तेमाल किया जायेगा जिसमें लगभग 350 सीटें हैं।
बयान में कहा गया है कि एयर इंडिया पश्चिम एशिया की स्थिति पर नजदीकी नजर रखे हुए है और दुबई तथा जेद्दा से लोगों को वापस लाने के लिए सीमित संख्या में उड़ाने शुरू की गयी हैं। स्थिति पर सूक्ष्मता से विचार करने के बाद उसने जेद्दा से गुरुवार से नियमित उड़ानें शुरू करने का फैसला किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित