ऋषिकेश , मार्च 25 -- उत्तराखंड में देहरादून जिले के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक मनोरोगी युवक छठी मंजिल की छत पर चढ़ गया और नीचे कूदने का प्रयास करने लगा। घटना के दौरान अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों, उनके परिजनों और चिकित्साकर्मियों की सांसें थम गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्वाह्न करीब 11 बजे युवक अचानक छत पर पहुंच गया और छह की मुडेर पर खड़ा हो गया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभाला और नीचे से ही युवक से बातचीत शुरू कर उसे शांत करने का प्रयास किया। इस दौरान उसे लगातार बातों में उलझाए रखा गया, ताकि वह कोई गलत कदम न उठा सके।
इसी बीच एक अन्य मरीज का तीमारदार चुपचाप छत पर पहुंच गया और मौके की नजाकत को समझते हुए साहस का परिचय दिया। उसने पीछे से युवक को पकड़कर खींच लिया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना होते-होते टल गई। कुछ ही देर में दो सुरक्षाकर्मी भी मौके पर पहुंच गए और स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में ले लिया।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी बने मरीजों और स्टाफ के बीच काफी देर तक इस घटना की चर्चा होती रही। बाद में सुरक्षा अधिकारियों ने युवक को सुरक्षित नीचे लाकर पूछताछ शुरू की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है, जिसे उसका एक रिश्तेदार इलाज के लिए अस्पताल लाया था। रिश्तेदार के ओपीडी में पर्चा बनवाने जाने के दौरान युवक शौच का बहाना बनाकर छत पर चढ़ गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित