पटना , मार्च 28 -- अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ने 'मेडिकल सोशल वेलफेयर यूनिट' का शुभारंभ किया है।
यह विशेष इकाई 'वन-स्टॉप सेंटर' के रूप में कार्य करेगी। अब मरीजों और उनके परिजनों को दर-दर नहीं भटकना पड़ेगा। उन्हें सही मार्गदर्शन, विश्वसनीय काउंसलिंग और कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ एक ही छत के नीचे मिलेगा। इस इकाई में मेडिकल सोशल सर्विस ऑफिसर और प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अन्य कर्मचारी तैनात रहेंगे।यह इकाई मरीजों और उनके परिवारों को मनोवैज्ञानिक और सामाजिक सहायता प्रदान करेगी, जिससे उन्हें तनाव, दुख और कठिन समय का सामना करने में मदद मिलेगी।
आर्थिक सहायता इस इकाई का एक अन्य महत्वपूर्ण घटक है। इसके माध्यम से, मरीज प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना , मुख्यमंत्री राहत कोष , राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम और केंद्र व राज्य सरकार की अन्य सहायता योजनाओं का आसानी से लाभ उठा सकेंगे।मरीजों, डॉक्टरों और अस्पताल प्रशासन के बीच एक सेतु के रूप में कार्य करते हुए, यह इकाई सरकारी और गैर-सरकारी संगठनों के साथ सहयोग करेगी, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि इन योजनाओं का लाभ मरीजों तक सुचारू रूप से पहुंचे। इसके अलावा, यह इकाई अस्पताल के कर्मचारियों, छात्रों और आम जनता के लिए प्रशिक्षण और जागरूकता अभियान चलाएगी।
उद्घाटन समारोह में एम्स के कार्नियकारी निदेशक प्रो. (ब्रिगेडियर) डॉ. राजू अग्रवाल, चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ. अनूप कुमार, डीएमएस (रोगी शिकायत) डॉ. संजीब कुमार घोष और आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के नोडल अधिकारी डॉ. सुजीत कुमार सिन्हा उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित