नयी दिल्ली , अप्रैल 27 -- अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) दिल्ली ने एंडोक्रिनोलॉजी विभाग के प्रमुख एवं डीन (अकादमिक) डॉ. निखिल टंडन को तत्काल प्रभाव से संस्थान का अंतरिम निदेशक नियुक्त किया है।
डॉ. एम. श्रीनिवास के नीति आयोग के पूर्णकालिक सदस्य बनने के बाद यह व्यवस्था 6 महीने या नियमित नियुक्ति होने तक लागू रहेगी।
डॉ. टंडन तब तक अंतरिम निदेशक के रूप में कार्य करते रहेंगे जब तक इस पद पर किसी नियमित व्यक्ति की नियुक्ति नहीं हो जाती। यह व्यवस्था एम्स नियम, 2019 के नियम 9(4) के तहत है।
एम्स की ओर से जारी ज्ञापन में कहा गया है कि यह कार्य व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू है और यह छह महीने की अवधि के लिए या जब तक इस पद पर किसी नियमित व्यक्ति की नियुक्ति नहीं हो जाती तब तक लागू रहेगी।
ज्ञापन के अनुसार डॉ. टंडन एम्स में एंडोक्रिनोलॉजी और मेटाबॉलिज्म विभाग के प्रमुख हैं। उन्हें इस अतिरिक्त कार्यभार के लिए किसी भी प्रकार का अतिरिक्त पारिश्रमिक या मानदेय नहीं मिलेगा।
डॉ. टंडन एक जाने-माने एंडोक्रिनोलॉजिस्ट और चिकित्सक-शोधकर्ता के तौर पर कार्डियो-मेटाबॉलिक रोगों और मधुमेह (डायबिटीज) के उपचार में विशेषज्ञता रखते हैं। उन्होंने मधुमेह, मोटापा और पुरानी बीमारियों के शोधों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और विभिन्न विशेषज्ञ समूह पैनलों में अपनी सेवाएं दी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित