एमसीबी , अप्रैल 01 -- छत्तीसगढ के एमसीबी जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में आज चिरमिरी में 108 संजीवनी एक्सप्रेस (एनएएस) योजना के तहत 12 नई एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर सेवा शुरू की गई। इस पहल से जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मरीजों को समयबद्ध चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिला पीआरओ ने बुधवार को बताया कि नई एम्बुलेंसों के संचालन से आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित होगी और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच पहले की तुलना में अधिक प्रभावी बनेगी।
चिरमिरी के बड़ा बाजार स्थित दुर्गा पंडाल में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में एम्बुलेंसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से 108 संजीवनी एक्सप्रेस सेवा की उपयोगिता और आमजन को मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि इन एम्बुलेंसों के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में भी मरीजों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।
ज्ञात हो कि 31 मार्च को रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशभर के लिए 300 बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस) और 70 एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) एम्बुलेंस को रवाना किया था। राज्य सरकार ने शहरी क्षेत्रों में 15 मिनट और ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया है। इसी क्रम में एमसीबी जिले को 12 एम्बुलेंस प्राप्त हुई हैं, जिनकी सेवाएं आज से शुरू कर दी गई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित