महासमुंद , मई 08 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में कोमाखान पुलिस ने एम्बुलेंस वाहन में छिपाकर ले जाए जा रहे 77 किलो गांजा के साथ पांच अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 38 लाख 50 हजार रुपये आंकी गयी है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा के बालीगुडा क्षेत्र से गांजा की बड़ी खेप एम्बुलेंस में छिपाकर महाराष्ट्र के सोलापुर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर कोमाखान थाना क्षेत्र के टेमरी नाका में घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने एम्बुलेंस वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें 77 किलो गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में पता चला कि तस्करों ने एम्बुलेंस को सुरक्षित रास्ता दिलाने के लिए एक पायलट वाहन भी लगा रखा था, जिसमें चार लोग सवार थे।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी महाराष्ट्र के निवासी बताए गए हैं। मामले में गांजा, एम्बुलेंस वाहन, पेट्रोलिंग वाहन तथा पांच मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित