महासमुंद , मार्च 28 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एम्बुलेंस की आड़ में गांजा ले जा रहे दो आरोपियों को आज गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 20 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, खल्लारी थाना क्षेत्र में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम चरौदा मोड़ के पास वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध एम्बुलेंस को रोककर तलाशी ली गई। जांच में वाहन के पिछले हिस्से में रखी बोरियों से गांजा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महाराष्ट्र निवासी दो व्यक्तियों के रूप में हुई है, जो उड़ीसा से गांजा लाकर महाराष्ट्र में खपाने की फिराक में थे। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एम्बुलेंस वाहन, नगद राशि और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित